सोनीपत। ऋषि कॉलोनी स्थित ओल्ड वाटर वर्क्स में 10 दिन से पेयजल बाधित होने की शिकायत लोगों ने निगम पार्षद हरिप्रकाश सैनी को दी। इस पर निगम पार्षद शनिवार को ठेकेदार के साथ बूस्टिंग स्टेशन पर पहुंचे तो वहां के हालात देखकर सभी हैरान रहे गए। निरीक्षण के दौरान मोटरों के पंपों के अंदर शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल गिलास मिले। इस पर निगम पार्षद ने निगम अधिकारियों की मिलीभगत बताते हुए सरकार को शिकायत करने की चेतावनी दी। साथ ही कहा कि शहर के लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित ठेकेदार व सुपरवाइजर को मौके पर बुलाया है और पूरी घटना की वीडियोग्राफी करवाई है। वीडियोग्राफी के दौरान मोटर के पंप से शराब की बोतल, वाटर टैंक के अंदर गंदगी, वाटर टैंक पर ढक्कन खुले मिले हैं।
निगम आयुक्त से की जांच की मांग
निगम पार्षद हरिप्रकाश सैनी ने कहा कि निगम ने जिस एजेंसी को पेयजल सप्लाई के काम सौंपा है, वह सभी नियमों को ताक पर रखकर काम कर रही है। ऐसे में एजेंसी की ओर से लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। ऐसे में कोई बड़ी घटना हो उससे पहले निगम आयुक्त ने संज्ञान लेकर जांच करवानी चाहिए और जांच में जो दोषी है, उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।