खरखौदा। पेयजल संकट गहराने लगा है। पेयजल लाइन के पास से माइनर की पटरी टूटने के कारण जलापूर्ति बाधित हो रही है। इससे दिल्ली मार्ग स्थित जलघर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है, इससे शहर में पेयजल किल्लत उत्पन्न होने लगी है। शहर के कई हिस्सों में तीन दिन से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके चलते शहरवासियाें की परेशानी बढ़ गई है।
शहरवासी कई दिन से पेयजल किल्लत का सामना कर रहे हैं। दिल्ली मार्ग पर गुरुग्राम माइनर से जलघर को जोड़ा गया है, लेकिन पटरी टूटने के कारण जलघर में आने वाला पानी लीक होने लगा। इसे जलघर की देखरेख करने वाले ठेका कर्मियों ने अपने स्तर पर रोकने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद वीरवार को कई घंटे मशक्कत के बाद जब लीकेज काबू में नहीं आई तो बैकहो लोडर मशीन से पटरी की मरम्मत की गई। इसके बाद माइनर से जलघर में पानी आना शुरू हुआ। पानी न आने के कारण जलघर के टैंक भी खाली हो चुके थे। इसके चलते जब टैंकों से पानी को लिफ्ट कराने का प्रयास किया गया तो कम पानी होने के कारण मोटर ने पानी उठाया ही नहीं, जिससे पानी फिल्टर होने के प्वाइंट पर पहुंच नहीं पाया। ऐसे में वीरवार को भी शहर में पेयजल आपूर्ति नहीं हो सका।
पेयजल आपूर्ति में सुधार लाए अधिकारी
शहर में भूजल खारा है, इसके कारण पूरी तरीके से शहरवासी जन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सप्लाई किए जाने वाले पेयजल पर भी निर्भर हैं। कई इलाकों में पानी की आपूर्ति न होने से घरों में रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी की कमी से लोग परेशान दिखे। उनका कहना है कि अधिकारियों को चाहिए कि पेयजल समस्या होने पर स्थिति में तत्काल प्रभाव से सुधार लाने का प्रयास हो। लोगों को परेशानी से निजात दिलाने के लिए टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति करें।
गुरुग्राम माइनर की पटरी की मरम्मत कर ली गई है, अब टैंकों में पानी को स्टोर किया जा रहा है। शुक्रवार सुबह से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
- सुदेश कुमारी, उपमंडल अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग