सोनीपत। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि प्रदेश में पिछले लोकसभा चुनाव में हुए 70 प्रतिशत मतदान को इस बार 2024 के लोकसभा चुनावों में 75 फीसदी तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, हरियाणा ने ‘वोटर इन क्यू’ नाम से एक ऐसी एप लांच की है, इसके माध्यम से मतदाता मतदान केंद्रों पर लगने वाली लाइनों की जानकारी घर बैठे ही प्राप्त कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 25 मई को होने वाले चुनाव के लिए आयोग की ओर से 30 शहरी विधानसभा क्षेत्रों में वोटर इन क्यू नामक एप संचालित की जाएगी। इन शहरों में सोनीपत लोकसभा में स्थित सोनीपत व जींद शहरी विधानसभा क्षेत्र को भी शामिल किया गया है। इस एप की मदद से मतदाता चुनाव के दिन मतदान केंद्रों पर लगने वाली लाइनों में मतदाताओं की संख्या को लाइव देख सकते हैं, जिससे मतदाता अपनी सुविधा अनुसार मतदान करने के लिए केंद्र पर जा सकते हैं। कई बार मतदाता लाइन लंबी होने को देखकर वोट डाले बिना ही वापस चले जाते हैं। इस एप के माध्यम से मतदान केंद्रों की जानकारी मिल सकेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मोबाइल एप पर मतदाता अपने एरिया का नाम, पोलिंग बूथ, वोटर का नाम भरेगा तो उसे एक ओटीपी मिलेगा, जिसका प्रयोग कर वह बूथ पर सीधे बीएलओ से जुड़ सकता है। बीएलओ हर एक घंटा या आधे घंटे बाद एप में बताएगा कि इस समय वोट डालने के लिए कितने लोग कतार में खड़े हुए हैं। इस मोबाइल एप व वेबसाइट का पहली बार चुनाव में प्रयोग किया जा रहा है।