विनेश फोगाट। स्रोत : सोशल मीडिया
सोनीपत। ओलंपिक के लिए देश को कोटा दिलाने वाली विनेश फोगाट व अंतिम पंघाल विदेश में रहकर प्रशिक्षण लेंगी। टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम (टॉप्स) के तहत दोनों पहलवान विदेश में अभ्यास करेंगी। दोनों पहलवानों ने अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के लिए अनुरोध किया था। पहलवानों के प्रशिक्षण का पूरा खर्च खेल मंत्रालय उठाएगा।
युवा मामले और खेल मंत्रालय के मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) ने पहलवान विनेश फोगाट को पेरिस ओलंपिक के लिए विदेश में अभ्यास करने को मंजूरी दी है। विनेश ने स्पेन के मैड्रिड में कुश्ती प्रतियोगिता और प्रशिक्षण शिविर और उसके बाद फ्रांस के बोलोग्ने सुर-मेर में प्रशिक्षण शिविर के लिए वित्तीय सहायता मांगी थी। अब उन्हें ओलंपिक खेलों से पहले 20 दिन के प्रशिक्षण के लिए फ्रांस के बोलोग्ने सुर-मेर व जुलाई में स्पेन में ग्रैंड प्रिक्स प्रतिस्पर्धा में भाग लेने को एक सप्ताह के प्रशिक्षण की मंजूरी दी है। जिसकी खर्च मंत्रालय उठाएगा।
वहीं एमओसी ने यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) द्वितीय रैंकिंग शृंखला हंगरी के टाटा स्थित ओलंपिक प्रशिक्षण केंद्र में अभ्यास के लिए अंतिम पंघाल के अनुरोध को भी स्वीकार कर लिया है। अंतिम पंघाल के साथ उनके प्रशिक्षक के आवास व खानपान के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी।