सोनीपत के लघु सचिवालय में धरना स्थल पर मौजूद गांव जुआं के ग्रामीण। स्रोत: पाठक
सोनीपत। 100-100 गज के प्लाॅट के लिए प्रशासन के खिलाफ गांव जुआं के बीपीएल परिवारों का धरना बुधवार को भी लघु सचिवालय में जारी रहा। 14 दिन से धरने पर बैठे ग्रामीणों ने सोनीपत पहुंचे भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी को काले झंडे दिखाने निकले, मगर इसकी भनक प्रशासन व पुलिस को लग गई।
सूचना मिलने के बाद मौके पर एसडीएम अमित कुमार व खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी जितेंद्र कुमार ने पहुंचकर उनको रोक दिया। उनको आश्वासन दिया कि 10 से 15 दिन के अंदर उनको प्लाॅट पर कब्जा दिलवा दिया जाएगा। जिला पार्षद संजय बड़वासनी ने कहा कि जिस दिन ग्रामीणों को 100-100 गज के प्लाॅट पर कब्जा मिल जाएगा, उस दिन धरना समाप्त कर दिया जाएगा। उनकी मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द बीपीएल परिवारों की मांगों को पूरा करे। इस दौरान सरंपच संदीप आर्य, पूर्व सरपंच प्रदीप, मदन, धर्म, भोला, रमेश, दलेल सिंह छिक्कारा, ईश्वर, बाली, मामन, वजीर, कलीराम, दीपक, सुभाष, अशोक, कमलेश, सुचिता समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।