संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। राई के गांव जाट जोशी के ग्रामीणों ने डिपोधारक जितेंद्र की राशन सप्लाई तीन माह बाद फिर बहाल करने के विरोध में जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान नारेबाजी कर भ्रष्टाचार बंद करने की मांग की।
ग्रामीणों ने सीनियर डिप्टी मेयर राजीव सरोहा पर डिपोधारक की राशन सप्लाई बहाल कराने का आरोप लगाया। वहीं, सीनियर डिप्टी मेयर ने ग्रामीणों के पक्ष में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को पत्र लिखा। करीब दो घंटे प्रदर्शन के बाद ग्रामीण लौट गए।
जाट जोशी के ग्रामीण सुबह 11 बजे खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यालय में पहुंचे। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक के कार्यालय के बाहर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोपी डिपोधारक पर अंगूठे लगवाने के बाद भी राशन नहीं देने, शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार करने, मई में बाजरा बेचने का प्रयास करने के आरोप लगाए।
जगबीरी, मंजू, कविता, सीमा, प्रियंका, कीर्ति, कोमल, सरोज, सुनीता, रेशमा, संतोष ने आरोप लगाया कि गांव में डिपोधारक राशन वितरण के दौरान कार्डधारकों से अमानवीय व्यवहार करता है। शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार के साथ राशन कार्ड कटवाने की धमकी देता है। कई बार राशन न आने का हवाला देते हुए ग्रामीणों के अंगूठे लगवाकर भी बाद में राशन वितरित नहीं करता।
ग्रामीणों ने सीएम विंडो व उपायुक्त से शिकायत कर विजिलेंस से जांच कराने की मांग की। रितू, पिंकी, सुदेश, सुमन, निर्मला, संगीता, सुशीला, मीना, नीरज देवी ने गांव के दूसरे व्यक्ति महेंद्र फौजी से ही राशन वितरण करवाने की मांग की।
पुलिस ने समझाया, नहीं माने ग्रामीण
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। ग्रामीण नहीं माने तो सीनियर डिप्टी मेयर के बेटे प्रिंस सरोहा ने मौके पर पहुंचकर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को पत्र देकर डिपोधारक की स्थायी रूप से राशन सप्लाई बंद करने की मांग की। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान रामराज सेवा समिति के संस्थापक सदस्य जयवीर हुड्डा, हिंदू सेना परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण हुड्डा, पूर्व सरपंच महावीर मलिक, साहब सिंह, महेंद्र फौजी मौजूद रहे।
-डिपोधारक 8 मई की रात 30 क्विंटल बाजरा यूपी नंबर की गाड़ी में लोड करवाकर बेचने की फिराक में था। इसके सबूत भी हैं। इसकी जांच विजिलेंस से करवाकर कार्रवाई की जाए।-कृष्ण हुड्डा, ग्रामीण
-डिपोधारक अक्सर ग्रामीणों के अंगूठे लगवाकर भी बाद में राशन वितरित नहीं करता था। शिकायत करने पर अभद्र व्यवहार के साथ राशन कार्ड कटवाने की धमकी देता था।-बिमला, ग्रामीण
-ग्रामीणों को महेंद्र फौजी के मार्फत ही हर माह राशन वितरित करवाया जाए। भावनाओं व आत्मसम्मान के साथ खिलवाड़ न किया जाए। ऐसा कोई गलत कार्य न किया जाए, जिससे धरना, प्रदर्शन करने पर विवश होना पड़े।-सरोज, ग्रामीण
-अधिकारिक जांच में राशन तौलने वाले काटे में 5 किलो पर 250 ग्राम का फर्क पाया गया था। 23 क्विंटल बाजरा भी स्टॉक में ज्यादा मिला था, जिसका कार्ड धारकाें को वितरण नहीं किया गया था, जबकि मशीन से उन्हें बाजरा मिलने की बात कही जाती थी।-संदीप, ग्रामीण
वर्जन
गांव जाट जोशी के पुराने डिपोधारक पर राशन वितरण में गड़बड़ी, अभद्र व्यवहार व बाजरा बेचने के प्रयास के आरोप हैं। डिपोधारक के कोटे को स्थायी रूप से बंद करवा दिया गया है। आगे की कार्रवाई की रिपोर्ट के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। ग्रामीण आश्वासन से संतुष्ट दिखे।-मनीषा मेहरा, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, सोनीपत।