संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। गांव जाजी में पेड़ों को काटने और उन्हें नष्ट करने के मामले में ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वीरवार को गांव के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला वन अधिकारी (डीएफओ) से मुलाकात कर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के दावों के बावजूद जमीन पर कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि करीब दो महीने पहले वन विभाग को शिकायत दी थी मगर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत लंबित रहने से गांव में रोष व्याप्त है। प्रतिनिधिमंडल ने डीएफओ से मांग की कि मामले की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपना सकते हैं। डीएफओ रेनू बाला ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि मामले की जांच एक सप्ताह के भीतर पूरी कर जांच रिपोर्ट उपायुक्त को भेजी जाएगी।