खरखौदा। गांव मटिंडू के रहने वाले दर्जी को आयकर विभाग ने करीब एक करोड़ रुपये जीएसटी फर्जीवाड़ा करने का नोटिस भेजा है। जिसे देखकर दर्जी व उनके परिवार के होश उड़े हुए हैं। दर्जी पवन कुमार का कहना है कि वह कपड़े सिलकर पांच से सात हजार रुपये महीना कमाता है। ऐसे में उसकी समझ से बाहर है कि उसने कोई फर्म बनाकर जीएसटी की चोरी कैसे की है। पवन के मुताबिक किसी व्यक्ति ने उनकी आईडी को गलत प्रयोग करते हुए यह सब किया है और अब आयकर विभाग ने नोटिस उन्हें भेज दिया है।
पवन कुमार के नाम से फरीदाबाद में एक फर्म बनाई गई है। जिससे एक करोड़ रुपये जीएसटी फर्जीवाड़ा सामने आने पर आयकर विभाग की ओर से पवन को नोटिस भेज दिया गया। पवन को जैसे ही यह नोटिस मिला तो वह सोच में पड़ गया कि उनके नाम से तो कोई फर्म है ही नहीं, फिर उन्हें आयकर विभाग ने नोटिस क्यों भेज दिया। जांच पड़ताल करने पर उन्हें पता चला कि उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य कागजात का किसी ने गलत प्रयोग करते हुए एक फर्म बनाई हुई है। उक्त व्यक्ति फरीदाबाद का है, जिसने फर्म के माध्यम से यह सब फर्जीवाड़ा किया है और अब आयकर विभाग की कार्रवाई का सामना उन्हें करना पड़ रहा है। पवन का कहना है कि मामले को लेकर वह पुलिस को भी एक शिकायत देकर आया है। वहीं थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। फरीदाबाद की फर्म पर जीएसटी चोरी का आरोप है तो मामला वहीं पर दर्ज होगा या फिर आयकर विभाग मामले में शिकायत देगा।