सोनीपत। जिले में डेंगू के अबतक 40 मरीज मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग डेंगू की रोकथाम के लिए न सिर्फ सतर्कता बढ़ाई है बल्कि लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डेंगू मच्छरों के लार्वा का पता लगाकर उन्हें नष्ट करने और दवा का छिड़काव का कार्य तेज कर दिया गया है।
विभाग की 166 टीमें लगातार लोगों को जागरूक कर रही हैं। लोगों से अनुरोध किया जा रहा है कि वे घर और छत पर बारिश का पानी इकट्ठा न करें और कूलर व एसी की नियमित सफाई करें। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि जिन क्षेत्रों में डेंगू के मरीज मिल रहे हैं, उन क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
यह बरतें सतर्कता : डेंगू मच्छर (एडीज) साफ और ठहरे हुए पानी में पनपता है। घरों में कूलरों का पानी निकाल दें, छत की टंकियों पर ढक्कन जरूर लगाएं। छत पर जमा बारिश के पानी को निकाल दें।
पक्षियों के पानी पीने के लिए रखे गमलों और पात्रों में एडीज मच्छर का लार्वा न पनपने दें। छतों और खुले में रखे पुराने टायरों व टूटे बर्तनों को साफ करें। अगर लंबे समय के लिए घर से बाहर जा रहे हैं तो बाथरूम आदि में रखी बाल्टियों और टबों को उल्टा करके रखें। डेंगू मच्छर दिन में काटता है।
वर्जन
डेंगू और मलेरिया से बचने के लिए पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और पैरों को ढककर रखें। आसपास पानी जमा न होने दें। सफाई रखें। बुखार होने पर सिर्फ पैरासिटामोल का प्रयोग करें। डॉक्टर से सलाह लेकर जांच कराएं। जिला एमएमजी अस्पताल परिसर स्थित आईडीएसपी लैब में डेंगू और मलेरिया की जांच निशुल्क की जाती है। -डॉ. योगेश गोयल, जिला मलेरिया अधिकारी।