पुलिस ने आपराधिक वारदात करने की फिराक में ऑडी कार में घूम रहे शातिर आरोपी को वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उससे तीन हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। वह अपने साथियों का इंतजार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बदमाश वारदात करने की फिराक में कार में हथियार लेकर घूम रहे हैं। इसके आधार पर पुलिस ने मोहाना नाके के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान गोहाना की ओर से आने वाली एक ऑडी कार को जांच के लिए रोका गया। कार को चेक करने पर उसकी पिछली सीट पर तीन हथियार रखे मिले। कार की सीट पर दो डोगा डबल बैरल बंदूक और एक रिवॉल्वर 12 बोर की मिली। तीनों हथियारों में कारतूस लोड थे। ऑडी की पहचान गांव लाठ निवासी सुनील उर्फ सीला के रूप में हुई है। जांच अधिकारी ने बताया कि वह अपने साथियों की तलाश में घूम रहा था। वह अपने साथियों के साथ मिलकर किसी वारदात को अंजाम देने वाला था। पुलिस उसके साथियों और उसको हथियार-कारतूस देने वालों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।