रेलवे स्टेशन की सुंदर बढ़ाने के साथ आवागमन करने वाले यात्रियों को हरियाली का आनंद देने के उद्देश्य से वर्टिकल गार्डन का निर्माण किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन के परिसंचारी क्षेत्र (सर्कुलेटिंग एरिया) में वर्टिकल गार्डन तैयार होने के बाद यह लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। साथ ही रेलवे स्टेशन की सुंदरता में भी चार चांद लगाएगा। रेलवे की ओर से सोनीपत रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण के लिए वर्टिकल गार्डन का निर्माण किया जा रहा है। वर्टिकल गार्डन को एक माह के अंदर तैयार कर दिया जाएगा। जिसके बाद फूलों व पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी विभाग की रहेगी।
सोनीपत रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन का दर्जा मिलने के बाद इसकी सुंदरता को बढ़ाने के लिए सर्कुलेटिंग एरिया में वर्टिकल गार्डन का निर्माण किया जा रहा है। रेलवे की ओर से विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर इसे आकर्षण रूप देने की तैयारी चल रही है। पूर्ण रूप से तैयार होने के बाद वर्टिकल गार्डन रेलवे स्टेशन पर आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए मनोहारी दृश्य उत्पन्न करेगा। साथ ही स्वच्छ वातावरण बनाने में सहायक सिद्ध होगा। रेलवे उत्तर मंडल के अंतर्गत आने वाले सोनीपत स्टेशन को खूबसूरत बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।
ऑटोमेटिक लाइट सिस्टम परियोजना व स्वचालित सीढ़ियों की परियोजना के शुरू होने के बाद यहां वर्टिकल गार्डन के निर्माण की तैयारी जोरों पर है। गार्डन तैयार होने पर कई तरह के फूलों के खूबसूरत पौधे लगाए जाएंगे। साथ ही लाइटिंग की भी व्यवस्था की जाएगी। जो रेलवे स्टेशन की शोभा को और बढ़ाएंगी।
रेलवे स्टेशन पर पहुंचते ही हरियाली का दीदार करेंगे यात्री
मॉडल स्टेशन सोनीपत पर ट्रेनों में सफर करने से पहले आवागमन करने वाले यात्री हरियाली का दीदार करेंगे। जिससे स्टेशन की खूबसूरती में और चार चांद लग जाएंगे। रेलवे अधिकारियों की ओर से ए ग्रेड में आने वाले इस स्टेशन की सूरत संवारने का निर्देश दिए गए हैं। जिसके तहत सुंदरीकरण के लिए रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में वर्टिकल गार्डन तैयार करने की कवायद चल रही है। सुरक्षा के लिहाज से वर्टिकल गार्डन को ऊपर करके बनाया जा रहा है, ताकि गार्डन में लगने वाले फूल व पौधों को नुकसान न हो।
यात्रियों के लिए वर्टिकल गार्डन बनेगा सेल्फी प्वाइंट
रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में वर्टिकल गार्डन तैयार होने के बाद आकर्षण का केंद्र होने के साथ ही लोगों के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनेगा। स्टेशन पर आवागमन करने वाले यात्री वर्टिकल गार्डन की सीढ़ियों पर बैठकर परिवार व दोस्तों के साथ सेल्फी ले सकेंगे। सेल्फी प्वाइंट के रूप में सोनीपत का रेलवे स्टेशन प्रदेश में और चर्चित होगा।
सोनीपत रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण को बढ़ावा देने के लिए सर्कुलेटिंग एरिया में वर्टिकल गार्डन का निर्माण किया जा रहा है। जिसके निर्माण कार्य को एक माह में पूरा कर लिया जाएगा। वर्टिकल गार्डन के निर्माण पर 80 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। गार्डन में लगने वाले फूलों व पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी विभाग की रहेगी। जिससे रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए आकर्षक का केंद्र बनेगा। -अजय माइकल, जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे