सोनीपत। भीषण गर्मी और लू का असर अब रसोई तक है। खेतों में बेल वाली सब्जियों की फसल लगभग समाप्त होने और स्थानीय स्तर पर आवक घटने से सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। कामी रोड स्थित सब्जी मंडी में टमाटर, करेला, शिमला मिर्च, गोभी और बैंगन समेत अधिकांश हरी सब्जियों की कीमतों में दो से तीन गुना तक बढ़ोतरी दर्ज की है।
स्थानीय सब्जियों की कमी के चलते आढ़तियों को हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों से सब्जियां मंगानी पड़ रही हैं। परिवहन खर्च बढ़ने और सीमित आवक के कारण सब्जियां महंगी होकर उपभोक्ताओं तक पहुंच रही हैं। नतीजतन आम आदमी की थाली से हरी सब्जियां धीरे-धीरे दूर होती जा रही हैं।
टमाटर ने दिखाए तीखे तेवर, कई सब्जियों के दाम दोगुने
एक सप्ताह पहले 20 से 30 रुपये प्रति किलो बिकने वाला टमाटर अब 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। वहीं करेला, शिमला मिर्च, मटर, गोभी, खीरा, घीया और बैंगन के दामों में भी भारी उछाल देखने को मिला है।
सब्जी पहले (रु./किलो) अब (रु./किलो)
टमाटर 20-30 60
करेला 30 50
शिमला मिर्च 50 80
मटर 70 100
गोभी 40 60
देसी खीरा 40 60
घीया 20-30 40-50
बैंगन 40 60-70
कम सब्जी खरीदने को मजबूर उपभोक्ता
सब्जियों के बढ़ते दामों का सीधा असर लोगों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। जहां पहले 100 रुपये में कई तरह की सब्जियां आ जाती थीं वहीं अब उतनी ही खरीदारी के लिए 200 से 250 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। ग्राहक जरूरत के हिसाब से कम मात्रा में सब्जियां खरीदने को मजबूर हैं।
जून भर राहत मिलने के आसार नहीं
सब्जी कारोबारी प्रदीप, अशोक, राजेंद्र का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते स्थानीय उत्पादन प्रभावित हुआ है। बाहर से आने वाली सब्जियों की आवक भी सीमित है। ऐसे में जून माह के दौरान कीमतों में किसी बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है।
क्या कहते हैं लोग
सभी सब्जियों के दाम बढ़े हुए हैं। एक सप्ताह पहले सब्जियां सस्ती थीं लेकिन आज मंडी में पहुंची तो हर सब्जी के भाव बढ़े हुए मिले।
- सुनीता, चटिया औलिया
10-15 रुपये में आम आदमी के लिए सब्जी खरीदना मुश्किल हो जाएगा। खेतों में लोकल सब्जियां खत्म हो रही हैं इसलिए लोगों को शहर की मंडी का रुख करना पड़ रहा है और महंगी सब्जियां खरीदनी पड़ रही हैं।
- जयवीर, एसपी माजरा
जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, हरी सब्जियां कम दिखाई दे रही हैं। हर सब्जी के दाम में इजाफा हुआ है। जिले से बाहर से आ रही सब्जियां मजबूरी में अधिक कीमत पर खरीदनी पड़ रही हैं जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है।
- उमराव सिंह, मोहाना
एक सप्ताह पहले टमाटर 20 रुपये प्रति किलो खरीदे थे लेकिन आज वही टमाटर 60 रुपये प्रति किलो खरीदने पड़े। हर सब्जी के दाम बढ़ने से रसोई का बजट भी बढ़ गया है।
- कलावती, आनंद कॉलोनी
सब्जी विक्रेता की जुबानी
भीषण गर्मी के कारण हरी सब्जियों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है जिससे आम आदमी की थाली से सब्जियां दूर होने लगी हैं। ग्राहक अब कम मात्रा में सब्जी खरीद रहे हैं। कई ग्राहक बढ़े हुए दामों को लेकर सवाल भी कर रहे हैं लेकिन कीमतों में बढ़ोतरी की मुख्य वजह कम आवक और बढ़ी हुई लागत है।
- सचिन, सब्जी विक्रेता
फोटो 10: उमराव सिंह
फोटो 10: उमराव सिंह
फोटो 10: उमराव सिंह
फोटो 10: उमराव सिंह
फोटो 10: उमराव सिंह