गोहाना। बाइक सवार तीन बदमाशों ने वीरवार की सुबह शहर की नई सब्जी मंडी जा रहे सब्जी विक्रेता से 12 हजार रुपये लूट लिए। सब्जी विक्रेता ने बदमाशों से भिड़ने की कोशिश की तो उन्होंने उनके सिर में पिस्तौल की बट मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने सब्जी विक्रेता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव गढ़ी उजाले खां के पवन नई सब्जी मंडी में फड़ लगाकर सब्जी बेचते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार सुबह पांच बजे वह रोजाना की तरह साइकिल से पानीपत चुंगी और भगवान परशुराम चौक से होते हुए सोनीपत रोड स्थित नई सब्जी मंडी जा रहे थे।
विज्ञापन
जब वह सब्जी मंडी के गेट के पास पहुंचे तो मुंह पर कपड़े बांधे तीन बदमाशों ने बिना नंबर की बाइक उनकी साइकिल के आगे अड़ा दी। उन्हें साइकिल से उतारकर नकदी छीनने की कोशिश की।
उन्होंने विरोध किया तो एक बदमाश ने पिस्तौल निकालकर उसके सिर में बट मारा। इसके बाद बदमाश रुपये लूटकर भाग गए। पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-
बाइक सवारों ने छीना मोबाइल फोन, ट्रैक्टर चालक ने पहचान कर दिलाया
गोहाना। पानीपत के बिलासपुर गांव के रहने वाले व्यक्ति से बाइक सवार दो युवकों ने मोबाइल फोन छीन लिया। बाद में आए एक ट्रैक्टर चालक ने उनकी मदद की और मोबाइल फोन वापस दिलवा दिया। सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। बिलासपुर गांव के रविंद्र एक कंपनी की फाइनेंस पर बिकने वाली बाइकों की किस्तें जमा करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह बुटाना गांव से सिवानका गांव जा रहे थे। नए जींद रोड फ्लाईओवर को पार करने के बाद बाइक रोक दी। इस दौरान बिचपड़ी गांव की तरफ से बिना नंबर की बाइक पर आए दो युवकों में से पीछे बैठे युवक ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। रविंद्र के अनुसार उसी समय बिचपड़ी गांव की तरफ से ट्रैक्टर चालक सेवाराम आ गए। उन्होंने मोबाइल छीनने वाले युवकों के नाम आशीष व मोहना बताए। सेवाराम ने छीना हुआ मोबाइल फोन लाकर उन्हें दे दिया।