सोनीपत के सेक्टर-15 में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक के आवास के बाहर प्रदर्शन करते ठेका सफाई
सोनीपत। शहरी ठेका सफाई कर्मियों ने वीरवार को सेक्टर-15 स्थित भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक मोहनलाल बड़ौली के आवास पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी अपनी मांगों को लेकर दो माह से क्रमिक अनशन कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई की जा रही है। ठेका एजेंसी की ओर से उनका शोषण किया जा रहा है। सरकार एजेंसी पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। शहरी ठेका सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान अजय टांक व सचिव नवीन ने बताया कि वर्ष 2019 से 2022 तक निगम प्रशासन ने ठेकेदार के साथ मिलकर कर्मियों को चार साल से बकाया तीन करोड़ रुपये का एरियर नहीं दिया है। उन्हें औजार मुहैया नहीं कराए जा रहे हैं। इसके चलते वह लगातार आंदोलन कर रहे हैं। एरियर की आवाज उठाने वाले 13 कर्मियों को काम से हटा रखा है। इसके बाद भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के भाई माईराम ने हटाए गए कर्मचारियों को वेतन सहित काम पर लगवाने का आश्वासन दिया है। वहीं, सीआईटीयू के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि चुनाव में भाजपा सरकार का पोल खोल अभियान शुरू किया जाएगा। धरनास्थल पर सोना देवी, सुनीता, दीपक, पवन, सुमित्रा, देवराज टांक, अमित टांक मौजूद रहे।