सोनीपत। गांव भटाना जाफराबाद में खेत में गए किसान की हत्या धारदार हथियार से पांच वार कर की गई थी। पुलिस ने किसान के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं भतीजे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
गांव भटाना जाफराबाद में किसान रामकरण सिंह (54) की वीरवार देर शाम खेत में हत्या कर दी गई थी। उनके बेटे सुमित ने हत्या का आरोप अपने चचेरे भाई अतुल पर लगाया था। पुलिस ने अतुल को नामजद कर लिया है। शुक्रवार को पुलिस ने किसान रामकरण के शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में किसान के शरीर पर चोट के पांच निशान मिले हैं। पुलिस ने हत्यारोपी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मोहाना थाना के साथ ही सीआईए गोहना की टीम लगी हुई है। आरोप है कि आरोपी ने जमीन के विवाद में ताऊ की हत्या की है। जमीन की पैमाइश कराने में रामकरण की कुछ जमीन उसके भाई की तरफ निकली थी। रामकरण अपने हिस्से की जमीन पर कब्जा लेने गया तो विवाद में उनकी हत्या कर दी गई।