सोनीपत। घने कोहरे के कारण ट्रेनों पर पड़ने वाले असर को देखते हुए रद्द की गई ऊंचाहार एक्सप्रेस करीब दो माह बाद रविवार से ट्रैक पर दौड़ेगी। रेलवे की तरफ से इस ट्रेन को करीब तीन माह के लिए रद्द किया गया था जिसका संचालन मार्च से होना था। कोहरे का प्रभाव खत्म होने, मौसम साफ होने व यात्रियों की मांग को देखते हुए रेलवे ने दो माह बाद ही ट्रेन के संचालन को हरी झंडी दे दी है। इससे यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
सोनीपत रेलवे स्टेशन से करीब 40 हजार से अधिक यात्री रोजाना दिल्ली व पानीपत की तरफ आवागमन करते हैं। इनमें दैनिक यात्रियों की संख्या अधिक है। रेलवे ने दिसंबर माह की शुरुआत में गाड़ी संख्या 14217/14218 प्रयागराज-चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस को तीन माह के लिए रद्द कर दिया था, ताकि कम दूरी की ट्रेनें व सवारी गाड़ियां प्रभावित ना हों। अब यात्रियों की मांग व मौसम खुलने पर रेलवे ने ट्रेन का परिचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन अब पूर्व की तरह ही चलेगी। ट्रेन का पुन: संचालन शुरू होने से प्रयागराज व चंडीगढ़ की तरफ जाने वाले यात्रियों को सीधी सेवा मिल सकेगी। वहीं दैनिक यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
यह रहेगा शेड्यूल
ट्रेन संख्या 14217 प्रयागराज से दोपहर 2.00 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:00 बजे सोनीपत और सुबह 9:15 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 14218 चंडीगढ़ से शाम 4:45 बजे रवाना होगी और शाम 7:44 बजे सोनीपत पहुंचेगी। यहां से चलकर अगले दिन सुबह 11:15 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
वर्जन
कोहरे के कारण रद्द की गई ऊंचाहार एक्सप्रेस का परिचालन 11 फरवरी से शुरू कर दिया गया है। यह ट्रेन अब रोजाना पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही चलेगी। ट्रेन का परिचालन शुरू होने से यात्रियों को फायदा मिलेगा। -दीपक कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे, दिल्ली।