गन्नौर। गर्मी बढ़ने के साथ ही क्षेत्र के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लग रहे अघोषित बिजली कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर और गांवों में लो ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। शनिवार को बिजली कट से संबंधित कई शिकायतें दर्ज हुईं।
शहर के मुख्य बाजार में लगभग 4-5 घंटे बिजली की कटौती हो रही है। गर्मी के बीच बिजली के अघोषित कटों से लोग पसीने से तरबतर होते रहे और लोगों के घरों में लगे इनवर्टर ठप पड़ रहे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी तापमान बढ़ने के साथ आठ से दस घंटे तक बिजली के कटों का सामना करना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी के बीच खपत बढ़ने से फीडरों का लोड बढ़ गया है। जिन उपकेंद्रों पर भार अधिक है वहां पर कटौती के साथ ट्रिपिंग की समस्या आ रही है। शहरवासियों का कहना है कि बिजली के अघोषित कटों के कारण काॅलोनियों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से बिजली के स्थाई समाधान की मांग की है।
जेई सुरेश का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग काफी बढ़ जाती है। इससे अतिरिक्त लोड पड़ता है। फाल्ट की शिकायतें बढ़ जाती हैं। इन शिकायतों को दूर करने और लाइनों की मरम्मत के लिए समय-समय पर अस्थायी कट लगाने पड़ते हैं, ताकि बिजली व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाया जा सके। उन्होंने कहा कि निगम की टीमें लगातार फील्ड में काम कर रही हैं और उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति देने के लिए प्रयास जारी हैं।