सोनीपत। नागरिक अस्पताल में पौने चार साल से बंद अल्ट्रासाउंड सेवा जल्द शुरू होने वाली है। इससे गर्भवती महिला व अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए जेब ढीली नहीं करनी पड़ेगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गठित टीम की देखरेख में सोमवार को अल्ट्रासाउंड मशीन को दंत ओपीडी के कक्ष नंबर 51 में शिफ्ट किया गया। दंत ओपीडी को कक्ष नंबर 14 में शुरू कर दिया गया है।
जिला नागरिक अस्पताल से सितंबर 2021 में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रीटा गोयल का रोहतक तबादला हो गया था। उसके बाद से अभी तक कोई दूसरा रेडियोलॉजिस्ट नहीं तैनात किया गया है। अस्पताल के अल्ट्रासाउंड केंद्र पर कुछ समय तक ताला लटका रहा, लेकिन बाद में वहां एक्स-रे की सुविधा शुरू कर दी गई थी।अस्पताल में गर्भवती के अलावा अन्य मरीजों के मुफ्त अल्ट्रासाउंड किए जाते थे। प्राइवेट सेंटर पर अल्ट्रासाउंड के लिए 800 रुपये लिए जाते हैं।
स्त्री रोग विशेषज्ञ ने दो माह लिया था प्रशिक्षण
जिला नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड केंद्र के संचालन के लिए रेडियोलॉजिस्ट की मांग की जा रही है। जुलाई 2024 में मुख्यालय ने स्त्री रोग विशेषज्ञ को अल्ट्रासाउंड करने का प्रशिक्षण दिलाने की मंजूरी दी थी। गायनोकॉलोजिस्ट डॉ. ज्योत्सना को दो माह के प्रशिक्षण के लिए रोहतक पीजीआई भेजा गया था। उसके बाद डॉ. ज्योत्सना को पदोन्नत करके सिविल सर्जन बना दिया गया है।
250 महिलाओं की होती है ओपीडी
जिला अस्पताल में रोजाना 250 महिलाओं की ओपीडी होती है। इनमें से 50 गर्भवती को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए लिखा जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए निजी अस्पतालों को पैनल पर लिया हुआ है। गर्भवती को नौ माह में दो बार अल्ट्रासाउंड की जरूरत होती है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के नियमानुसार महिला को मुफ्त अल्ट्रासाउंड की सुविधा एक बार ही मिलती है। दोबारा अल्ट्रासाउंड के लिए 800 रुपये का भुगतान करना पड़ता है।
रेडियोलॉजिस्ट जून के पहले सप्ताह में हुए थे नियुक्त
जून के पहले सप्ताह में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. धर्मेंद्र यादव अस्पताल में नियुक्त हुए हैं। सोमवार को उनकी देखरेख में ओपीडी के कक्ष नंबर 51 में अल्ट्रासाउंड मशीन को शिफ्ट किया गया है। टीम में उप चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. गिन्नी लांबा, डॉ. संदीप लठवाल, आरएमओ डॉ. प्रवीन ढोचक, डॉ. नितिन फलस्वाल व रेडियोलॉजिस्ट डॉ. धर्मेंद्र यादव शामिल रहे।
अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा जल्द शुरू होगी। मशीन को ओपीडी नंबर 51 में शिफ्ट कर दिया गया है। दंत ओपीडी को कक्ष नंबर 14 में चालू कर दिया गया है। -डॉ. ज्योत्सना, सिविल सर्जन, सोनीपत