जिले में कोरोना संक्रमण जिस तेजी से फैला था, उसी तेजी से अब संक्रमण कम हो रहा है, लेकिन उसके बावजूद मौत का सिलसिला नहीं थम रहा है और जिले में सोमवार को कोरोना से गोहाना के 25 वर्षीय युवक व गांव घसौली के 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। संक्रमित दर काफी नीचे पहुंच गई है तो रिकवरी रेट काफी ऊपर पहुंच गया है।
जिले में सोमवार को 19 नए संक्रमित मिले हैं। यहां संक्रमितों की संख्या 47267 तक पहुंच गई है। सोमवार को संक्रमित से ज्यादा 40 मरीजों के ठीक होने पर छुट्टी मिल गई है। इस तरह 46774 मरीज ठीक हो चुके हैं और 246 का इलाज चल रहा है। हालात यह हैं कि जितनी जांच की गई है, उनमें 1.31 प्रतिशत संक्रमित मिले हैं, जिससे जिले में रिकवरी रेट 99.49 प्रतिशत दर्ज किया गया है। जिले में अब तक कोरोना से 247 लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे मृत्यु दर 0.51 प्रतिशत है। लोगों के स्वास्थ्य सुधार के लिए संक्रमण से प्रभावित मरीजों को अस्पताल में इलाज मुहैया कराने के साथ होम आइसोलेशन में भी रखा जा रहा है।
डीसी ललित सिवाच ने बताया कि जिले में कोविड टेस्टिंग की रफ्तार को बढ़ाया गया है। जिले में प्रतिदिन 5 हजार से अधिक लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। सभी गांवों में भी कोविड टेस्टिंग के लिए स्वास्थ्य टीमें लगी हुई हैं।
कोविड अस्पतालों में आईसीयू बेड खाली नहीं
सरकार की ओर से अधिकृत किए कोविड अस्पतालों में एक भी आईसीयू बेड खाली नहीं है। इन अस्पतालों में कुल 50 आईसीयू बेड हैं, जिन पर कोरोना के मरीज भर्ती हैं, जबकि सामान्य बेड, ऑक्सीजन बेड व वेंटिलेटर काफी संख्या में खाली पड़े हैं।