माई सिटी रिपोर्टर
सोनीपत। राई स्थित एसआरएम यूनिवर्सिटी में वीरवार शाम को छात्रों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पानीपत के समालखा निवासी विनय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले छह वर्षों से अपने मामा सुखजीत के पास गांव खेवड़ा में रह रहा है और एसआरएम यूनिवर्सिटी में बी.कॉम प्रथम वर्ष का छात्र है।
तीन-चार दिन पहले यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले नितिन तुशीर के साथ उसका झगड़ा हो गया था लेकिन बाद में दोनों के बीच समझौता भी हो गया था। विनय का आरोप है कि वीरवार की शाम करीब चार बजे वह यूनिवर्सिटी से बाहर निकला तो नितिन तुशीर और उसके साथी अनुज, रितिक वहां खड़े थे और उसे देखते ही गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे।
उसने अपने मामा सुखजीत को फोन कर मारपीट की सूचना दी। इसी दौरान सभी ने लाठी-डंडों से उसके ऊपर हमला कर दिया और जब मामा सुखजीत उसे बचाने आए तो उस पर भी हमला कर दोनों को बुरी तरह से घायल कर दिया। हमलावरों ने मामा की कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया और मामले की सूचना पुलिस को दी। उसकी शिकायत पर पुलिस ने नितिन, अनुज, राहुल व अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।