-राठधना रोड स्थित निजी विवि के छात्र है दो आरोपी
-तीसरा आरोपी मूलरूप से ओडिशा फिलहाल सोनीपत के मालवीय नगर का रहने वाला
संवाद न्यूज एजेंसी
राई (सोनीपत)। सोनीपत-नरेला रोड पर गांव बारोटा के पास से पुलिस ने राठधना रोड स्थित निजी विश्वविद्यालय के दो छात्रों सहित तीन आरोपियों को मादक पदार्थ सहित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने दो किलो 58 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
कुंडली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ऋषिकांत ने बताया कि बारोटा चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ बारोटा रोड पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें तीन युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखाई दिए। पुलिस ने तलाशी ली तो उनके पास दो किलो 58 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान मूलरूप से पंजाब के मोहाली निवासी रोणित, कनार्टक निवासी तेजस हरीश और ओडिशा निवासी गोपीनाथ वेहरा के रूप में हुई है। गोपीनाथ फिलहाल सोनीपत के मालवीय नगर में रहता है। वह मादक पदार्थ सप्लाई करता है। वहीं तेजस हरीश और राणित कौशल दोनों राठधना रोड स्थित निजी विवि के छात्र हैं और हॉस्टल में रहते हैं। रोणित बीबीए द्वितीय वर्ष व तेजस साईक्लॉजी द्वितीय वर्ष का छात्र है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ लेकर आने व उसे आगे सप्लाई करने के बारे में पूछताछ कर रही है।