सोनीपत। गांव धतूरी स्थित फैक्टरी में स्क्रैप खरीदकर लोडिंग करने के मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी रामनगर निवासी अंकुश व न्यू जीवन नगर निवासी महेश हैं। दोनों फैक्टरी के कर्मी थे और आरोपियों से मिलकर लोडिंग में गड़बड़ी कराकर रुपये लेते थे।
झज्जर के गांव मुकुंदपुर निवासी दिनेश ने मुरथल थाना पुलिस को बताया है कि वह धतूरी स्थित अर्जन इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड में बतौर प्रोडक्शन हेड कार्यरत हैं। उनकी फैक्टरी से गाजियाबाद स्थित हिंडन विहार की एसआर इंटरप्राइजेज कंपनी की तरफ से स्टील का स्क्रैप खरीदा जाता है।
एसआर इंटरप्राइजेज के मालिक शोएब मलिक व मनीष मलिक अपने दो चालकों जाकिर व हशासाद के साथ 10 मार्च को कंपनी से स्क्रैप लेने आए थे। ट्रक का वजन कराने के मामले में शक होने पर खुलासा हुआ था कि कंपनी के मालिक एक ही नंबर की दो गाड़ी लेकर आते हैं। वह जिस गाड़ी का वजन भारी होता था उसका खाली में वजन कराते थे।
बाद में हलकी गाड़ी को फैक्टरी के अंदर भेज देते थे और उसमें माल भरकर उसका कांटा करा देते थे। जिससे तोल में काफी अंतर हो जाता था। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फैक्टरी मालिक शोएब व मनीष के साथ ही इरशाद को गिरफ्तार कर लिया था।
शोएब व मनीष से वारदात में प्रयुक्त ट्रक बरामद किए हैं। वहीं आरोपियों के साथ मिले हुए फैक्टरी के दो कर्मियों अंकुश व महेश को गिरफ्तार कर लिया है। वह कांटा कराने जाते थे। संवाद