दिल्ली-अंबाला रेललाइन पर शनिवार सुबह अलग-अलग जगह ट्रेन की चपेट में आने से तीन बच्चों के पिता और एक अन्य युवक की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया। जिला अस्पताल में एक शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया, जबकि दूसरे शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शिनाख्त के लिए शव को रखवा दिया है।
शनिवार सुबह करीब पांच बजे ईदगाह कॉलोनी निवासी सलमान उम्र 34 साल की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह तीन बच्चों के पिता था। सलमान भवन निर्माण के लिए ठेकेदारी का काम करते थे। अंबाला की तरफ से आ रही मूरी एक्सप्रेस के लोको पायलट ने रेलवे लाइन पर शव पड़ा होने की सूचना स्टेशन मास्टर को दी।
इसके बाद जीआरपी थाने से पहुंची जांच अधिकारी सरिता ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। वहीं, हिन्दू कन्या महाविद्यालय के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। दिल्ली से आई बरौनी एक्सप्रेस के लोको पायलट ने घटना की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। इसके बाद जांच अधिकारी अजय कौशिक मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल में पहुंची। शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। वहां से चिकित्सक ने शव को खानपुर कलां स्थित बीपीएस मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया।