अलग-अलग सड़क हादसों में महिला सहित दो की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
पानीपत के समालखा निवासी कामिल ने बताया कि वह वॉल-पुट्टी का काम करते हैं। वह अपने भाई फैजल और भतीजे जुनैद के साथ सोनीपत आए थे। फैजल और जुनैद एक बाइक पर थे। जबकि वह दूसरी बाइक पर सवार थे। फैजल और जुनैद जब मुरथल रोड पर पहुंचे तो एक इको वैन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में फैजल और उनका भतीजा जुनैद घायल हो गए। गाड़ी चालक मौके से भाग गया। कामिल ने राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने दोनों को रेफर कर दिया। कामिल दोनों को रोहतक लेकर जा रहे थे कि बीच रास्ते में फैजल ने दम तोड़ दिया। उसके भतीजे को उपचार दिया जा रहा है।
वहीं सेक्टर-27 थाना क्षेत्र में बाइक की टक्कर से महिला की मौत हो गई। सेक्टर-15 निवासी अमित शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी मां निर्मला राजीव कॉलोनी स्थित अपने मकान में रह रहे किराएदार से किराया लेने गई थी। जबकि काफी देर तक घर नहीं लौटी। वह उन्हें तलाश करने निकला तो रास्ते में लोगों की भीड़ लगी दिखाई दी। लोगों से पूछताछ में पता लगा कि एक महिला सड़क हादसे में घायल हो गई है। जिस पर वह अस्पताल में गया तो पता लगा कि उनकी मां निर्मला बाइक की टक्कर से घायल हुई है। बाद में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।