गन्नौर (सोनीपत)। गन्नौर रेलवे स्टेशन के पास बंद अगवानपुर रेलवे क्रासिंग गेटसे बाइक निकालते हुए ट्रेन से कटकर मौसेरे भाइयों की मौत हो गई। इसमें 12 साल का बच्चा भी शामिल है। दोनों बाइक पर सवार होकर वीरवार देर रात गन्नौर में एक भजन कीर्तन कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद वापस बाइक पर घर लौट रहे थे। बंद फाटक के नीचे से बाइक निकालते हुए दोनों भाई व बाइक एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन के नीचे फंसकर एक किमी तक घिसटते चले गए। सूचना के बाद पहुंची जीआरपी ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
वीरवार रात गांधी नगर कालोनी निवासी निशांत (12) अपने मौसेरे भाई झज्जर के गांव गुबाना निवासी नवीन (23) के साथ बाइक पर सवार होकर गन्नौर शहर में एक मंदिर में आयोजित भजन कीर्तन कार्यक्रम में गया था। कार्यक्रम के बाद जब वह घर वापस लौटने लगे तो अगवानपुर रेलवे फाटक बंद मिली। नवीन जल्दबाजी दिखाते हुए अवैध तरीके से फाटक को पार करने लगा। इसी दौरान कालका से शिरडी की तरफ जा रही सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन में उनकी बाइक फंस गई। वह उन्हें दूर तक घसीटते हुए ले गई और हादसे में दोनों भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने शवों को परिजनों को सौंप दिया। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नवीन का फाइल फोटो।- फोटो : Sonipat
गन्नौर में ट्रेन की चपेट में आकर दो मौसेरे भाईयों की मौत के बाद पोस्टमार्टम के लिए कार्रवाई करती ?- फोटो : Sonipat