जांटी मोड स्थित पाठशाला में बच्चों के अपहरण की सूचना के बाद उपस्थित ग्रामीण।
- फोटो : Sonipat
कुंडली/सोनीपत। जीटी रोड के पास जांटी मोड़ स्थित पंडित लख्मीचंद की पाठशाला में संस्कार के साथ ही कर्मकांड की दीक्षा लेने आए दो बच्चे लापता हो गए। बच्चे पाठशाला से दूध लेने के लिए बाहर गए थे। उसके बाद से गायब हो गए। पाठशाला के शिक्षक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने उनके बयान पर अज्ञात के खिलाफ दोनों बच्चे के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बच्चों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पंडित लख्मीचंद की पाठशाला के शिक्षक बलबीर शास्त्री ने पुलिस को बताया कि पाठशाला में बच्चों को संस्कार के साथ ही कर्मकांड की दीक्षा दी जाती है। जिसके चलते प्रदेश के साथ ही अन्य राज्यों से भी बच्चे आकर यहां शिक्षा ग्रहण करते हैं। उन्होंने बताया कि रोहतक के गांव भैंसरू का रहने वाला साहिल (14) व यूपी के जिला बागपत के गांव ट्योडी का रहने वाला आशु (12) पाठशाला में संस्कार व कर्मकांड की दीक्षा लेने आए थे। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चे 16 जनवरी की शाम को करीब पांच बजे दूध लेने जाने की बात कहकर पाठशाला से बाहर गए थे। उसके बाद से वह वापस नहीं लौटे। जब उन्हें इसका पता लगा तो बच्चों की तलाश शुरू की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। जिस पर मामले से उनके परिजनों को अवगत कराया। बच्चों के परिजन भी पाठशाला में आए थे। उन्होंने भी अपनी रिश्तेदारियों में भी बच्चों के बारे में पता किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। साथ ही कुंडली थाना पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने इस संबंध में बलबीर शास्त्री के बयान पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्चों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
पंडित लख्मीचंद पाठशाला से दो बच्चों के अपहरण के बाद पुलिस तलाश के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। साथ ही पुलिस टीम बच्चों की तलाश के लिए दिल्ली व यूपी में भी गई है। पुलिस बच्चों के परिजनों से भी लगातार संपर्क में है।
--
पाठशाला से दूध लेने के लिए बाहर गए दो बच्चे लापता हो गए। पाठशाला शिक्षक के बयान पर अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बच्चों की तलाश के लिए दिल्ली व यूपी में दो टीम भेजी गई हैै। बच्चों के परिजनों से भी बातचीत की जा रही है। जल्द उनका पता लगाया जाएगा।
-सतबीर सिंह, एसआई, कुंडली थाना।
आशु।- फोटो : Sonipat
साहिल।- फोटो : Sonipat