खरखौदा। गांव कंवाली निवासी युवक की हत्या करने के मामले में खरखौदा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को पानीपत से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांव थाना खुर्द निवासी यशवीर व कंवाली निवासी प्रवीन है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने व गाड़ी बरामद करने के साथ हत्या के पीछे के कारणों पर से भी पर्दा उठाया जा सके।
गांव कंवाली निवासी पंच बबीता ने 4 मार्च को पुलिस को शिकायत दी थी कि 27 फरवरी को उनके बेटे राहुल को गांव के ही राहुल ने फोन करके घर से बुलाया था। उसके बाद से ही राहुल लापता है, जबकि उनके जेठ के लड़के ने आरोपी राहुल के साथ ही गांव के ही प्रवीन व थाना खुर्द निवासी यशवीर को भी साथ ही देखा था। वहीं जब उनके छोटे लड़के रोहित ने राहुल की तलाश की तो राहुल का शव पश्चिमी यमुना लिंक नहर में दिल्ली के हैदरपुर के पास मिला था। जिसके गले में कपड़ा बंधा हुआ था। शिकायत के बाद खरखौदा थाना पुलिस ने हत्या व शव को खुर्द बुर्द करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। एएसआई वीरपाल ने मामले में जांच करते हुए आरोपित थाना खुर्द निवासी यशवीर व कंवाली निवासी प्रवीन को पानीपत से गिरफ्तार किया है। आरोपियों को मंगलवार को न्यायालय में पेश कर छह दिन के रिमांड पर लिया है।