15जेएनडी28: पुलिस गिरफ्त में पकड़े गए चाकू से हमला करने के आरोपी। स्रोत : पुलिस
जींद। पालवां गांव में चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में थाना उचाना पुलिस ने दो आरोपियों कुलदीप उर्फ कट तथा जगजीत उर्फ बीरू निवासी बड़ौदा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आराेपियों से पूछताछ कर रही है।
थाना उचाना के प्रभारी उप निरीक्षक दिलबाग सिंह ने बताया कि इस मामले में 10 फरवरी को पालवां निवासी पवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने दोस्त सुमित के साथ गांव पालवा के पुराने बस अड्डे के सामने खड़े थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। उनमें से एक युवक ने अचानक सुमित पर चाकू से हमला कर दिया।
पवन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया। वारदात के बाद आरोपी दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस चौकी उचाना के इंचार्ज उप निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि जनवरी में उचाना मंडी में आयोजित ट्रैक्टर टोचन प्रतियोगिता के दौरान उनकी पवन और सुमित के साथ कहासुनी हो गई थी। इसी रंजिश के चलते उन्होंने मौका पाकर दोनों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद वे मोटरसाइकिल पर मौके से फरार हो गए थे और चाकू तथा मोटरसाइकिल को अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिया था।