खरखौदा। कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे पर गांव पाई के पास हुई एक सड़क दुर्घटना के बाद ट्रक से दवाई की 170 पेटी व 16 बैटरी चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पाई गांव के रहने वाले नवीन व प्रदीप हैं। 4 मई को राजस्थान के जिला झूंझुनू के गांव सैसवास निवासी सुभाष चंद्र ने खरखौदा पुलिस के शिकायत दी थी कि करनाल से फरीदाबाद दवाई व बैटरी लेकर जा रहे उसके पिकअप चालक ने उसे रात को फोन पर बताया था कि पिकअप केएमपी पर बंद पड़ गई है। कुछ देर बाद एक ट्रक के पिकअप को पीछे से टक्कर मारने का पता चला। जिसमें चालक संदीप की मौत हाे गई थी। पोस्टमार्टम करवाने के बाद घटनास्थल पर पहुंचा तो पिकअप से 170 पेटी दवाई व 16 बैटरी चोरी मिली। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चार बैटरी, एक साइकिल भी बरामद की है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रभारी अंकित का कहना है कि मामले में जांच जारी है।