संवाद न्यूज एजेंसी
राई। गांव कुमासपुर स्थित ओमेक्स सिटी के बीपीएल फ्लैट में महंगे ब्रांड की बोतल में सस्ती शराब भरकर बेचने के मामले में सीआईए ने दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गांव गढ़ी सिसाना का सज्जन व नई दिल्ली के दुर्गा पार्क का रहने वाला अवधेश शुक्ला है। इन पर मुख्य आरोपियों को लेबल, ढक्कन, हॉलमार्क उपलब्ध कराने का आरोप है। साथ ही अवधेश शुक्ला पर दिल्ली में शराब बेचने का भी आरोप है। पुलिस मामले में चार आरोपियों को पहले पकड़ चुकी है।
सीआईए स्टाफ में नियुक्त एसआई अशोक कुमार ने अपने साथी एएसआई अनिल पवार, एचसी अनिल, विकास, विनोद, सचिन व सुधीर के साथ मिलकर दो युवकों को कार में अवैध शराब सहित पकड़ा था। उनकी पहचान मूलरूप से चरखी दादरी के गांव खेड़ी बूरा फिलहाल ओमेक्स सिटी ई ब्लॉक निवासी टीनू कुमार उर्फ टिंकू तथा मूलरूप से नेपाल के जिला बांके के गांव फतेपुर फिलहाल शाहपुर निवासी प्रचंड कुमार के रूप में हुई थी। उन्होंने बताया था कि वह ओमेक्स सिटी में अपने फ्लैट के अंदर महंगे ब्रांड की बोतलों में सस्ती अंग्रेजी शराब भरकर बेचते हैं।
पुलिस ने उनके कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की 18 पेटियां बरामद की गई थी। साथ ही दो अन्य ब्रांड की 60 बोतल शराब मिली थी। सभी बोतल पर फॉर सेल टू डिफेंस पर्सनल ओनली का लेबल लगा था। उन्होंने बताया था कि शराब को समालखा का युवक सप्लाई करता है और बोतल करनाल से मिलती है। जिस पर एएसआई अनिल पंवार ने आरोपी विवेक व राजीव को गिरफ्तार कर लिया था। अब अनिल पवार की टीम ने मामले में सज्जन व अवधेश को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह दोनों टीनू को महंगी शराब के लेबल, हॉलमार्क व ढक्कन उपलब्ध कराते थे। साथ ही अवधेश महंगी शराब की बोतल में भरी सस्ती शराब की दिल्ली में सप्लाई भी करता था। पुलिस ने दोनों को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।