सोनीपत। छुट्टी पर आए सीआरपीएफ जवान की गोली मारकर हत्या करने के मामले में दो आरोपियों निशांत व अजय को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जहां से उनको तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
28 जुलाई को गांव खेड़ी दमकन निवासी बलवान ने थाना सदर गोहाना में शिकायत दी कि उनके छोटे बेटे कृष्ण सीआरपीएफ में थे। वह 30 दिन की छुट्टी पर आए थे। कृष्ण की कांवड़ लाते समय रास्ते में गांव के ही निशांत व अजय से कहासुनी हो गई थी। उसी रंजिश में आरोपियों ने कृष्ण की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने मामले में सागर, प्रवीन व मोहित को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। घटना में निशांत व अजय के नाम भी प्रकाश में आए, लेकिन दोनों फरार चल रहे थे। मंगलवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायालय के आदेशानुसार तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्य जुटाने की कोशिश करेगी।