गन्नौर। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित कनक गार्डन के पास शनिवार देर रात हुए हादसे में घायल ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बड़ी थाना में मुकदमा दर्ज करवाया है।
उत्तराखंड के चंबा जिले के राजेंद्र ने बताया कि उनका बेटा संजय गांव के इंद्रपाल का ट्रक चलाता था। वह 7 सितंबर को मनाली से अपने ट्रक में माल लादकर दिल्ली जा रहा था। 9 सितंबर की रात को जब संजय कनक गार्डन के पास पहुंचा तो उसकी गाड़ी की टक्कर सड़क के किनारे खड़े ट्रक से हो गई। आरोप है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक पर न तो रिफ्लेक्टर लगा था और न ही इंडिकेटर जला रखा था।इस हादसे में उनका बेटा बुरी तरह से घायल हो गया। उसे सोनीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां पर उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बड़ी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आशु राव ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।