गन्नौर। मुख्य बाजार में लगातार हो रही चोरी की वारदात और असामाजिक तत्वों से परेशान दुकानदारों ने वीरवार को अपनी दुकानें बंद कर पुलिस के खिलाफ रोष जताया। दुकानदारों ने गन्नौर-सोनीपत मार्ग पर धरना देते हुए रास्ते को जाम कर दिया व पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
इसके बाद गन्नौर व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और धरने का समर्थन किया। सूचना मिलने पर गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदारों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने दुकानदारों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद दुकानदार धरने से उठे और अपनी-अपनी दुकानें खोलीं। धरना समाप्त करने के बाद दुकानदार गन्नौर थाने में पहुंचे। उन्होंने शिकायत दी कि गन्नौर गांव के बाजार में बदमाशी ज्यादा बढ़ रही है। कई युवक बाजार में लोगों को परेशान करते हैं। कुछ दिन पहले भी उन्होंने एक व्यक्ति व उनके जीजा की पिटाई कर दी थी। उनके खिलाफ गन्नौर थाने में मुकदमा भी दर्ज है। रात को भी उन्होंने बाजार में उत्पात मचाया और दुकानदारों के मीटर तोड़ दिए। वहीं राजू दी हट्टी की दुकान में भी चोरी हुई है। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दुकान का ताला तोड़ा, घर पर पथराव
स्थानीय दुकानदार रमेश कुमार ने बताया कि रात को दुकान का ताला टूटा होने की सूचना मिली थी। वह मौके पर पहुंचे तो दुकान से हजारों रुपयों की नकदी, सामान व डीवीआर चोरी हुआ मिला। इसके बाद पुलिस की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। विकास ने बताया कि बुधवार रात कुछ लोगों ने उनके घर पर पथराव कर गालीगलौज की। उन्होंने डायल 112 पर शिकायत दी तो आधे घंटे बाद पुलिस आई। उन्होंने कहा कि यदि युवक दोबारा आए तो उनको पकड़ कर उन्हें सूचित करना। गन्नौर व्यापार मंडल के प्रधान शेखरचंद जैन ने कहा कि गन्नौर में दुकानों में चोरी और मारपीट की वारदात हो रही हैं। व्यापार मंडल दुकानदारों के साथ है। अब पुलिस की तरफ से कार्रवाई का आश्वासन मिला है। यदि पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की गई तो शहर के दुकानदार धरने पर बैठ जाएंगे।
पिटाई व चोरी करने के तीन मुकदमे दर्ज
गन्नौर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पिटाई करने, धमकी देने व दुकान में चोरी करने के आरोप में तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। खुराना फास्ट फूड दुकान के संचालक रमेश कुमार ने बताया कि गन्नौर गांव के रोहित ने उनकी दुकान में ईंट बरसाई और उनकी पिटाई कर धमकी दी। दूसरी शिखायत में कोट मोहल्ला के रहने वाले सन्नी कुमार ने बताया कि बुधवार को मंकित त्यागी, गोलू त्यागी, रोहित व गौरव उसकी दुकान पर आए बिना वजह डंडों व पत्थरों से उसका शटर पीटने लगे। रोकने का प्रयास किया तो सभी ने उन पर हमला कर धमकी दी। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं तीसरी शिकायत में गन्नौर गांव में किराना दुकान के संचालक रमेश कुमार ने बताया कि बुधवार रात चोर दुकान का शटर उखाड़ कर दुकान से नकदी, सामान व डीवीआर चोरी कर ले गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच आंरभ कर दी है।
-
दो दुकानों के शटर उखाड़ कर नकदी व सामान चुराया
गन्नौर। पटेल नगर में अनाज मंडी के सामने दो दुकानों के शटर उखाड़ कर चोर हजारों रुपये की नकदी व सामान चोरी कर ले गए। दुकानदार ने मामले की शिकायत गन्नौर थाने में दी। हरिनगर निवासी गोविंद ने बताया कि वीरवार सुबह उन्हें चौकीदार से दुकान में चोरी होने की सूचना मिली। वह जब मौके पर पहुंचे तो दुकान का शटर टूटा था और गल्ले से करीब 2500 रुपये, सिगरेट के पैकेट, देशी घी के तीन डिब्बे, बादाम चोरी हुए मिले। वहीं उनकी दुकान के पास एक स्टेशनरी की दुकान का शटर उखाड़ कर चोर 1500 रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस ने गोविंद की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।