सोनीपत में पुरखास अड्डा से जाहरी मोड़ तक स्ट्रॉम वाटर लाइन बिछाने के बाद बारिश के चलते बने कीचड़ से परेशान सुंदर सांवरी के लोगों ने शनि मंदिर के पास एकत्रित होकर जाम लगा दिया। जिसके कारण पुरखास अड्डा से नंदी चौक, छोटू राम चौक की तरफ आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने के बाद नगर निगम के अधिकारी व पुलिस कर्मी पहुंचे। लोगों के समझाने के बाद जाम खुलवाया।
मार्ग पर पानी भरने से कीचड़ बना
शनि मंदिर रेलवे अंडरब्रिज से बारिश के पानी की बेहतर निकासी के लिए नगर निगम की ओर से पुरखास अड्डा चौक से लेकर जाहरी मोड़ तक अमृत योजना के तहत स्ट्रॉम वाटर लाइन बिछाई गई। अब नगर निगम की ओर से लाइन बिछाने के लिए उखाड़ी गई सड़क का निर्माण किया जाना है। तीन दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण उस मार्ग पर पानी भरने से कीचड़ बन गया।
जाम लगाए जाने के कारण वाहनों की कतार लग गई
जिससे आने जाने में सुंदर सांवरी व आसपास कॉलोनियों के लोगों को परेशानी हो रही है। इस समस्या से परेशान होकर लोगों ने शनि मंदिर के पास जाकर रोड जाम कर दिया। जिससे वाहन चालकों को पुरखास अड्डा से नंदी चौक, छोटू राम चौक की तरफ आवाजारी करने में परेशानी हुई। जाम लगाए जाने के कारण वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद नगर निगम के अधिकारी व पुलिस कर्मी पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को जल्द सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग जाम खोलने को राजी हुए।