सोनीपत। कुंडली थाना क्षेत्र के प्याऊ मनियारी में व्यक्ति ने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। परिजन का कहना है कि आर्थिक तंगी की वजह से उन्होंने खुदकुशी की है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फंदे से शव को नीचे उतारा।
उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद फिलहाल प्याऊ मनियारी निवासी अमन ने बताया कि उनके पिता तेज सिंह (51) मेहनत-मजदूरी करते थे। उनके पिता काफी दिनों से परेशान चल रहे थे। वर्तमान में उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा था। इसके चलते वह तनाव में थे।
उन्होंने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। कमरे के अंदर फंदे पर लटका देखकर मामले की सूचना पुलिस को दी। कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतार कर नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।