सोनीपत। शहर की 15 कॉलोनियों के लोगों को अब पेयजल किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा। लोगों की सुविधा के लिए शनिवार को धानक बस्ती बूस्टिंग स्टेशन पर पानी आपूर्ति के लिए ट्रायल शुरू कर दिया गया है। मेयर निखिल मदान व निगम पार्षद सुरेंद्र नैय्यर ने बटन दबाकर मोटर चालू करके बूस्टिंग स्टेशन पर ट्रायल की शुरुआत की। एक सप्ताह तक इस बूस्टिंग स्टेशन से पेयजल आपूर्ति का ट्रायल होगा। इसके बाद पेयजल आपूर्ति के लिए समय सारिणी जारी की जाएगी। 8 अप्रैल को अमर उजाला में बूस्टिंग स्टेशन चालू नहीं करने के मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद निगम के अधिकारी बूस्टिंग स्टेशन को चालू करने के लिए सक्रिय हुए।
शहर में पेयजल आपूर्ति दुरुस्त करने के लिए नगर निगम की ओर से 54 करोड़ रुपये से बूस्टिंग स्टेशनों के साथ पानी की पाइप लाइन बिछाई गई है। निगम की ओर से अटल मिशन ऑफ रेजूवेनेशन एंड अर्बन ट्रांसफोर्मेशन (अमृत) योजना के तहत सुंदर सांवरी, सेक्टर-23, कबीरपुर व धानक बस्ती में पानी एकत्रित करने के लिए बूस्टिंग स्टेशनों का निर्माण किया जा चुका है। इस पर नगर निगम की ओर से करीब 15 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इसमें से धानक बस्ती बूस्टिंग स्टेशन से पानी आपूर्ति के ट्रायल की शुरुआत कर दी गई है। मेयर निखिल मदान ने बताया कि इस बूस्टिंग स्टेशन को जाजल रेनीवेल योजना से जोड़ा गया है। नए बूस्टिंग स्टेशन पर 25 लाख लीटर पानी टैंक में भरा जा सकेगा। टैंक में एक बार पानी भरने के बाद निर्बाध रूप से लगातार 6 घंटे घरों में पानी आपूर्ति की जा सकेगी। ट्रायल सफल होने के बाद बूस्टिंग स्टेशन से होने वाली पेयजल आपूर्ति की समय सारिणी भी जारी की जाएगी ताकि आमजन को कोई परेशानी नहीं उठानी पड़े।
इंसेट
लोगों को मिलेगी पेयजल किल्लत से राहत
धानक बस्ती बूस्टिंग स्टेशन चालू होने से रोजाना 25 लाख लीटर पानी की आपूर्ति की जाएगी। इससे वार्ड दो व आसपास की करीब 15 कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को राहत मिल सकेगी। पार्षद सुरेंद्र नैय्यर ने बूस्टिंग स्टेशन के चालू होने और वार्ड में पेयजल आपूर्ति सामान्य होने पर मेयर निखिल मदान व अधिकारियों का आभार प्रकट किया। स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया की अब उनको रोजाना नियमित तौर पर पेयजल आपूर्ति की जाएगी और कोई समस्या नहीं आएगी। इस दौरान पालिका अभियंता नरेंद्र कुमार, हरेंद्र राठी, प्रवीन नैय्यर, जुगल ज्योति, कुलदीप वत्स, जितेंद्र, आजाद आदि मौजूद रहे।
इंसेट
70 हजार लोगों को मिलेगा फायदा
पहले यहां पर 5 लाख लीटर पानी की क्षमता का बूस्टिंग स्टेशन होने के कारण आपूर्ति करने में बाधा आ रही थी। इस समस्या को दूर करने के लिए अब 25 लाख लीटर क्षमता का बूस्टिंग स्टेशन चालू होने से करीब 70 हजार लोगों को फायदा होगा। इसमें महावीर कॉलोनी, लाल दरवाजा, कुम्हार गेट, जटवाड़ा, फैज बाजार, राम बाजार, कोट मोहल्ला, मशद मोहल्ला, धोबीबाड़ा, धानक बस्ती, क्लॉथ मार्केट, साबुन दरवाजा, दयाल चौक समेत कई क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सकेगा।