फोटो 07- सोनीपत के गोहाना में महम रोड स्थित पावर हाउस में रखा 75 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर। संव
गोहाना। महम रोड स्थित पावर हाउस में जल्द ही पुराने ट्रांसफार्मर-3 की जगह नया ट्रांसफार्मर रखा जाएगा। इसके लिए बिजली निगम की ओर से शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद ट्रांसफार्मर को बदलने का काम शुरू किया जाएगा। ट्रांसफार्मर बदले जाने के बाद उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी।
मंजूरी मिलने के बाद पावर हाउस में ट्रांसफार्मर को स्थापित करने में कम से कम पांच दिन का समय लगेगा। इस दौरान पावर हाउस के विभिन्न फीडरों पर बारी-बारी से शटडाउन किया जाएगा। क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। बिजली निगम ने चुनाव में आचार संहिता के चलते ट्रांसफार्मर स्थापित करने का कार्य रोक दिया था। अब चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रांसफार्मर बदलने का शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पावर हाउस में 65 एमवीए क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगाए गए थे। एक ट्रांसफार्मर पुराना हो चुका है। इस ट्रांसफार्मर की जगह पर 75 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।
पावर हाउस में 65 एमवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर-3 की जगह 75 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाना है। ट्रांसफार्मर स्थापित करने का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसके लिए शेड्यूल तैयार किया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को बिजली समस्या से निजात मिल सके।
- राज सिंह सिंहमार, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम, गोहाना