न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-23 निवासी सेवानिवृत्त फौजी को झांसे में लेकर साइबर अपराधियों ने उनके क्रेडिट कार्ड से 48741 रुपये ट्रांसफर कर लिए। ठगों ने रिवॉर्ड (इनाम निकलने) का झांसा देकर क्रेडिट कार्ड की जानकारी लेने के बाद ठगी की। पीड़ित के पास मैसेज आने पर ठगी का पता चला, जिस पर पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया है।
न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-23 निवासी सुरेंद्र सिंह ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि वह सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनके पास 3 नवंबर को शाम करीब सवा चार बजे एक नंबर से कॉल आई। सामने वालेे ने खुद को एक्सिस बैंक से बोलने की बात कहकर क्रेडिट कार्ड पर रिवॉर्ड कार्ड ऑफर आने की जानकारी दी। उसने बताया कि इसकी अंतिम तिथि रात 12 बजे तक है, जिस पर उन्होंने फोन करने वाले से कहा कि आजकल धोखाधड़ी बहुत हो रही है। इसे लेकर वह बैंक में जाकर पता कर लेंगे। इस पर कॉल करने वाले ने कहा कि उसने आपकी तरफ से अनुरोध भेज दिया है। रात को नौ बजे बैंक की तरफ से आपके पास कॉल आएगी। फोन आने पर आप कार्ड पर दिए टोल फ्री नंबर से उसका मिलान कर लेना और उसके बाद ही बातचीत करना। जिसके बाद नौ की बजाय सवा सात बजे ही कॉल आ गई। कॉल करने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक कर्मी बताया। उसने उसी टोल फ्री नंबर से कॉल किया था जो उसके क्रेडिट कार्ड पर अंकित है। ऐसे में वह उनके झांसे में आ गया। आरोपी ने एक्सिस बैंक का एप खुलवाकर क्रेडिट कार्ड की डिटेल भरने के लिए कहा। डिटेल भरते ही उनके कार्ड से 48741 रुपये ट्रांसफर हो गए। पैसे कटने का मैसेज मिलते ही उन्हें ठगी का पता लगा। बाद में पता करने पर उन्हें जानकारी मिली कि पैसा मुंबई के जुहू सर्किल में किसी ड्रीम प्लग पे-टेक सोलर लिमिटेड कंपनी के खाते में ट्रांसफर हुआ है, जिस पर मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच के बाद धोखाधड़ी व चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम साइबर ठगी करने वालों का पता लगा रही है।
सेवानिवृत्त फौजी ने मामले की शिकायत दी है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में साइबर टीम की मदद ली जा रही है। जल्दी ही साइबर अपराधियों का पता लगाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -इंस्पेक्टर नीरज कुमार, थाना प्रभारी, सिटी सोनीपत।