फोटो 07: सोनीपत के खरखौदा स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में ट्रेनिंग के दौरान रोल प्ले करते बी
खरखौदा। राजकीय कन्या महाविद्यालय में बुधवार को बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को वोट बनाने सहित मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्हें पीपीटी के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से समझाया गया। रियल स्थिति के आधार पर रोल-प्ले भी करवाया गया।
एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची का शुद्धिकरण जरूरी है। इसके लिए बीएलओ को गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि मृतकों के नाम सूची से हटाना, शहर छोड़ चुके लोगों की वोट अन्यत्र शिफ्ट करना और नए मतदाताओं के नाम शामिल करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ को बताया गया कि वोट किस स्थिति में कट सकते हैं और किन पात्र लोगों के वोट बनेंगे और शिफ्टिंग की प्रक्रिया क्या होती है। इसके अतिरिक्त उन्हें यह भी समझाया गया कि यदि कोई व्यक्ति दो जगह वोट बनवाता है या किसी और की जगह खुद को दर्ज कराता है, तो ऐसी स्थिति में क्या कानूनी कार्यवाही हो सकती है।
उसके बाद सभी बीएलओ को समूहों में बांटकर रोल प्ले करवाया गया, जिसमें कई लोग आवेदक की भूमिका में रहे और अन्य उससे संबंधित दस्तावेजों की जांच कर वोट जोड़ने या हटाने का फैसला ले रहे थे। इस प्रकार की गतिविधियों से बीएलओ को जमीनी स्तर की जटिलताओं को समझने और उनका समाधान खोजने का अभ्यास मिला।
एसडीएम ने कहा कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए नए वोट बनाना जरूरी है, लेकिन शुद्धिकरण उतना ही अहम है। उन्होंने बीएलओ से कहा कि वे हर बूथ पर जाकर डोर-टू-डोर सत्यापन करें, ताकि मतदाता सूची अधिक से अधिक सटीक हो सके। इस दौरान तहसीलदार मनोज कुमार, मास्टर ट्रेनर सहित बीएलओ मौजूद रहे।