जुलाई माह का पहला दिन सोनीपत से आने-जाने वाले यात्रियों पर भारी पड़ा। एक तरफ जहां दिल्ली-अंबाला रेलवे लाइन पर नॉन इंटरलॉकिंग के कारण 30 के करीब ट्रेनें रद्द रहीं, वहीं रोडवेज ने सरकार द्वारा बढ़ाए किराए को शुक्रवार से ही वसूलना शुरू कर दिया। ऊपर से भीषण गर्मी व उमस के बीच बस न मिलने से यात्री बेहद परेशान रहे।
दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर सोनीपत रेलवे स्टेशन के पास एक जुलाई से तीन जुलाई तक नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण रेल यातायात बाधित रहेगा। पहले दिन जहां पैसेंजर व लंबे रूट की गाड़ियों सहित 30 ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि आठ के रूट डायवर्ट किए गए। एक अनुमान के अनुसार, सोनीपत स्टेशन से रोजाना 20 से 30 हजार के बीच यात्री सफर करते हैं, जो शुक्रवार को बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन के बीच भटकते रहे। दूसरी ओर, प्रदेश सरकार की ओर से मंजूर किए गए 10 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़े हुए रोडवेज बस किराए को भी शुक्रवार से लागू कर दिया गया। ऐसे में यात्रियों को गंतव्यों तक पहुंचने में परेशानी झेलनी पड़ी, साथ ही किराया भी अधिक चुकाना पड़ा।
हालांकि, सोनीपत डिपो ने बस अड्डे पर अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया था, लेकिन बदइंतजामी की वजह से वह यात्रियों का पूरा बोझ झेल नहीं पाई। तपती गर्मी में लोग परेशान होते रहे। टैक्सी चालकों ने इस दौरान जमकर चांदी कूटी।
बस अड्डे पर कई पंखे खराब
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री और उमस ने लोगों का पसीना निकाल दिया। शुक्रवार दोपहर हवा न होने के चलती गर्मी बहुत ज्यादा थी। यात्रियों को गर्मी से भी परेशान के लिए मजबूर होना पड़ा। सोनीपत बस अड्डे पर अधिकतर पंखे खराब हैं।
ट्रेनें रद्द रहने से ऑटो चालकों की बल्ले-बल्ले
शुक्रवार को सोनीपत रेलवे स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण दर्जनों ट्रेनें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, रेलयात्रियों को रेलवे स्टेशन से बस अड्डे पर लाने के लिए ऑटो चालकों की बल्ले-बल्ले रही।
सुरक्षा को लेकर पुलिस ने चलाया अभियान
ट्रेनें रद्द होने पर सोनीपत बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ होनी आरंभ हो गई। इस दौरान बस अड्डा चौकी पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बस अड्डा परिसर में सर्च अभियान चलाया। टीम का नेतृत्व एसआई दयानंद कर रहे थे। टीम ने बस अड्डा परिसर के अलावा सभी बसों में भी यात्रियों के थैलों को भी चेक किया गया।
1 जुलाई को ये ट्रेनें रहीं रद्द
गाड़ी का नाम
दिल्ली जं.-पठानकोट एक्सप्रेस
फाजिल्का-दिल्ली जंक्शन-फाजिल्का एक्स.
नई दिल्ली-अमृतसर-नई दिल्ली एक्स.
जनशताब्दी एक्स.
दिल्ली जंक्शन-पानीपत मेमू
नई दिल्ली-सोनीपत मेमू
सोनीपत-साहिबाबाद मेमू
नई दिल्ली-कुरूक्षेत्र मेमू
कुरुक्षेत्र-दिल्ली जं. मेमू
दिल्ली जं.-पानीपत मेमू
पानीपत-गाजियाबाद मेमू
पानीपत-नई दिल्ली-पानीपत मेमू
दिल्ली जं.-पानीपत-दिल्ली जं. मेमू
दिल्ली जं.-कालका पैसेंजर
इन ट्रेनों का रूट किया डायवर्ट
गाड़ी का नाम डायवर्ट
पश्चिम एक्स. नई दिल्ली-रोहतक-पानीपत
सरयू यमुना एक्स. मुरादाबाद-सहारनपुर-अंबाला
जम्मू मेल दिल्ली जं.- जाखल-धुरी-लुधियाना
हावड़ा-कालका मेल खुर्जा-मेरठ सिटी-सहारनपुर-अंबाला
अमृतसर-कटिहार एक्स. अंबाला-सहारनपुर-मुरादाबाद-लखनऊ
पश्चिम एक्स. पानीपत-रोहतक-शकूरबस्ती-नई दिल्ली
शहीद एक्स. अंबाला-सहारनपुर-मुरादाबाद
ऊंचाहार एक्स. अंबाला-सहारनपुर-मेरठ सिटी-खुर्जा
ये हैं रोडवेज के मुख्य रूट और उनका किराया
रूट पुराना किराया नया किराया किलोमीटर
दिल्ली 38 40 51
रोहतक 39 45 53
पानीपत 45 50 53
बागपत 20 25 27
बड़ौत 30 31 36
गोहाना 30 33 32
झज्जर - 55 --
सांपला - 35 -
खरखौदा 15 18 20
गन्नौर - 20 -
खानपुर - 35 -
लंबे रूट से हटाकर बसों को चलाया
रेलयात्रियों की परेशानी का देखते हुए लंबे रूट जयपुर, अलवर, शिवपुरी, आगरा, कटरा, शिमला की ओर जाने वाली बसों को दिल्ली और चंडीगढ़ रूट पर लगाया गया। सोनीपत डिपो में सभी 166 बसों को दौड़ाया गया। ड्यूटी इंस्पेक्टर कर्मबीर गहलावत ने बताया कि अगले दो दिन भी ट्रेन बाधित होने के चलते यात्रियों की सुविधा अनुसार बसों को चलाया जाएगा।