गोहाना। खरखौदा मार्ग पर गांव भैंसवाल कलां के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ने दो बाइकों को टक्कर मार दी और मौके से भाग गया। ट्रैक्टर की टक्कर से दोनों बाइकों पर सवार युवक घायल हो गए। घायलों को खानपुर कलां के मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। सदर थाना गोहाना पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
गांव रभड़ा निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उनका छोटा भाई सीटू फरमाना में प्लांट पर मजदूरी का काम करता है। 19 मई को शाम 7.15 बजे सीटू घर से निकले थे। जब वह करीब आठ बजे गोहाना से खरखौदा रोड नजदीक भैंसवाल कलां गांव के पास पहुंचे तो गोहाना की तरफ से एक ट्रैक्टर चालक ट्राली सहित लापरवाही से चलाता हुआ आया और सीटू की बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद फरमाणा निवासी सन्नी की बाइक को भी टक्कर मारी। हादसे की सूचना के बाद मौके पर अनिल कुमार पहुंचा और दोनों को खानपुर कलां के मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में दाखिल कराया। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने सीटू को मृत घोषित कर दिया। घायल सन्नी को रोहतक के पीजीआई रेफर कर दिया है।
वर्जन
मृतक के भाई के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इंस्पेक्टर महिपाल सिंह, प्रभारी, सदर थाना, गोहाना