गन्नौर। गांव भिगान स्थित टोल प्लाजा पर कार्यरत युवती ने कार सवारों पर फास्ट टैग में पैसे नहीं होने की बात कहने पर मारपीट का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि मारपीट में उनके कपड़े भी फट गए। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि हमलावर शराब के नशे में थे। मुरथल थाना क्षेत्र के गांव की युवती ने बताया कि वह एक साल से टोल प्लाजा पर टीसी के पद पर कार्यरत हैं। वह 31 अगस्त को अपनी ड्यूटी पर थी। इसी दौरान मुरथल की तरफ से एक कार आई। कार में चार युवक सवार थे। उनके फास्ट टैग में पैसे नहीं थे। जब उन्होंने इसकी जानकारी दी तो वह युवक नीचे उतर कर आ गया। वह शराब के नशे में था। उनके साथी भी बाहर आ गए। चारों युवकों ने उनके व साथी कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।