नरेला थाना अंतर्गत हरेवली बॉर्डर स्थित दिल्ली नगर निगम के टोल टैक्स बैरियर पर बुधवार देर रात कई हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने पहले वहां तैनात ठेकेदर के कर्मचारी मंजीत की पिटाई की और बाद में उसे निशाना बनाते हुए फायर कर दिया। फायरिंग में मंजीत किसी तरह बच गया और गोली उसके सहकर्मी और एक बदमाश को लग गई। पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। घायल के परिजनों ने बाद में अस्पताल पहुुंचकर हंगामा भी किया।
पश्चिमी यमुना नहर की पटरी पर स्थित टोल टैक्स बैरियर पर बुधवार रात को बदमाशों ने धावा बोल दिया। चार-पांच की संख्या में आए बदमाश हथियारों से लैस थे। उन्होंने यहां पर ठेकेदार के कर्मचारी मंजीत पर हमला बोल दिया। पहले उससे मारपीट की और बाद में उसके ऊपर फायर झोंक दिया। हालांकि नहर में कूदने के चलते गोली दूसरे कर्मचारी मोनू को लग गई। मंजीत के भाग जाने से बौखलाए बदमाश अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे। जिससे उनके एक साथी को दो गोलियां जा लगीं। साथी को घायल देख बाकी बदमाश फ रार हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को बाल्मीकि अस्पताल, पूठ खुर्द में भर्ती कराया। घायल बदमाश की पहचान पास ही के गांव दरियापुर के रहने वाले सुमित के रूप में हुई है।
घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफ र कर दिया गया है। इससे पूर्व गोलीबारी की सूचना मिलने पर दोनों घायलों के परिजन और भारी संख्या में बाल्मीकि अस्पताल पहुंच गए और हंगामा खड़ा कर दिया। काम में व्यवधान डालते हुए उन्होंने डॉक्टरों और अन्य स्टाफ को दौड़ा लिया। घबराए चिकित्सा कर्मी अपने काम को दोबारा तभी शुरू कर पाए जब मौके पर भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक हमलावरों का इरादा मंजीत को टारगेट करना था। यह मामला रंजिश का लगता है। इस सिलसिले में एफआईआर दर्ज कर बाकी बदमाशों की तलाश की जा रही है।