फोटो : सोनीपत के खरखौदा-दिल्ली मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने के लिए डाली गई निर्माण सामग्री
खरखौदा। करीब सात करोड़ रुपये की लागत से तैयार खरखौदा-दिल्ली मार्ग का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब सड़क के दोनों किनारों को व्यवस्थित करने के लिए इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने का काम शुरू किया गया है। सड़क किनारे उपलब्ध स्थान के अनुसार टाइल्स लगाई जाएंगी। इससे मार्ग का स्वरूप बेहतर होने के साथ पैदल राहगीरों को भी आवागमन के लिए सुविधाजनक स्थान मिलेगा। सड़क निर्माण के बाद वाहन चालकों को आवागमन में राहत मिली है। अब किनारों पर टाइल्स बिछने से कच्ची जमीन और मिट्टी की समस्या से भी निजात मिलने की उम्मीद है। बारिश के दिनों में सड़क किनारे कीचड़ होने से पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
इंटरलॉकिंग टाइल्स से पैदल चलने के लिए अपेक्षाकृत सुरक्षित स्थान मिलेगा। इससे वाहनों और राहगीरों के बीच टकराव की आशंका कम होने के साथ सड़क किनारे अतिक्रमण व अव्यवस्था पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने काम में गुणवत्ता बनाए रखने और इसे जल्द पूरा करने की मांग की है।