गोहाना। गांव खानपुर कलां में थार गाड़ी में सवार होकर आए तीन युवकों ने मेडिकल स्टोर पर बैठे युवक पर धारदार हथियार से हमला किया है। इसके बाद हमलावरधमकी देकर भाग गए हैं। मेडिकल स्टोर संचालक की शिकायत सदर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ईशापुर खेड़ी निवासी रामभगत ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बीपीएस मेडिकल कॉलेज के सामने महादेव मैडिकल स्टोर खोल रखा है। शुक्रवार को वह और कासंडा निवासी मोहित मेडिकल स्टोर पर बैठे थे। रात 10.30 बजे थार गाड़ी में सवार तीन युवक आए और उनके साथ मारपीट करने लगे। जब दुकानदारों ने बीच बचाव किया तो वह धमकी देकर चले गए। इसके बाद मोहित का चाचा कासंडा निवासी कुलदीप भी मेडिकल स्टोर पर आ गया। कुछ देर बाद वहीं थार दोबारा आई, जिसमें कासंडा निवासी रवि, विकास व अंकित बैठे हुए थे। उनके हाथों में धारदार हथियार थे। तीनों ने मेडिकल स्टोर में रखे काउंटर पर धारदार हथियार मारा। वह व मोहित दुकान से निकल गए। उसके बाद तीनों युवकों ने कुलदीप के सिर व कमर पर वार कर घायल कर दिया। साथ ही मेडिकल स्टोर में रखा सामान भी तोड़ दिया। हमलावर जाते समय धमकी देकर गाड़ी सहित भाग गए।