फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: तीन स्कूलों को मिलेंगे नए बहुमंजिला भवन, 18.31 करोड़ जारी

Mon, 18 Mar 2024 02:42 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत (हरियाणा)

सार

आठ अन्य स्कूलों में नए कक्षा कक्ष, प्रयोगशाला और चहारदीवारी बनाई जाएगी। पुराने कमरों की मरम्मत भी की जाएगी। इसके लिए 18 करोड़ 30 लाख 85 हजार 146 रुपये का बजट जारी किया गया है।
विज्ञापन
सोनीपत के गांव पुरखास स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का भवन। संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के सोनीपत में राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भवन संबंधी कमियां दूर की जाएंगी। जिले के गांव पुरखास, मोहाना व जसराना में स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को नए बहुमंजिला भवन की सौगात मिल सकेगी। 

विज्ञापन


जिले के कई गांवों में स्कूल भवन के जर्जर होने के कारण प्राचार्यों को कक्षाएं लगाने में परेशानी हो रही थी। स्कूल भवनों को नए सिरे से बनाने की मांग उठ रही थी। इसको जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने गंभीरता से लिया था। साथ ही समस्याएं दूर करने का प्रयास किया था।

एसडीओ विष्णु भारद्वाज ने स्कूलों में नए भवन बनाने सहित अन्य कार्यों का एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेजा था। इसके बाद माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने जिले को बजट जारी किया है। इससे राजकीय स्कूलों की स्थिति सुधारी जा सकेगी।
विज्ञापन


गांव पुरखास में जर्जर हो चुका था भवन : गांव पुरखास के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का भवन काफी पुराना होने के कारण जर्जर हो चुका था। स्कूल प्राचार्य ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए कमरों में कक्षाएं लगानी बंद कर दी थी। कमरों की कमी के कारण आ रही परेशानी को दूर करने के लिए नया भवन बनाने की मांग की जा रही थी। अधिकारियों ने गत वर्ष प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेजा था। जिसे मुख्यालय ने मंजूरी प्रदान कर दी है।

गांव मोहाना में प्राथमिक विद्यालय की जमीन पर बनेगा भवन
गांव मोहाना स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की जमीन को उच्चतर शिक्षा विभाग को स्थानांतरित कराया गया है। जहां महाविद्यालय बनाया गया है। इसी भवन में अभी भी स्कूल चल रहा है। महाविद्यालय प्रबंधन कई बार स्कूल शिफ्ट कराने के लिए शिक्षा विभाग को लिख चुका है। ऐसे में अधिकारियों ने गांव के प्राथमिक विद्यालय की खाली पड़ी करीब पांच एकड़ जमीन पर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का नया भवन बनाने का निर्णय लिया है। नया भवन बनने के बाद अब एक ही परिसर में पहली से 12वीं कक्षा के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे।

यहां बनेगा स्कूलों का नया भवन
स्कूल बजट

  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पुरखास 4,67,20,000
  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मोहाना 4,68,64,000
  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जसराना 4,67,20,000


इन स्कूलों में बनेंगे कमरे व बाउंड्रीवॉल
स्कूल कार्य बजट

  • राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रिंढाणा बाउंड्रीवॉल 30.68 लाख
  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गुहणा शौचालय व बाउंड्रीवाल की मरम्मत 30.69 लाख
  • राजकीय माध्यमिक विद्यालय, कासंडी 10 कक्षा कक्ष व बिजली का कार्य 75.00 लाख
  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शेखपुरा 10 कक्षा कक्ष का निर्माण व मरम्मत 30.62 लाख
  • राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, रायपुर कमरों की मरम्मत व फर्श पर पत्थर 50.86 लाख
  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, नगर 11 कक्षा कक्ष का निर्माण 87.12 लाख
  • राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फरमाणा तीन लैब 35.11 लाख
  • राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कथूरा आठ नए कक्षा कक्ष की मरम्मत 87.73 लाख


स्कूलों के नए भवनों का निर्माण नई गाइडलाइन के अनुसार कराया जाएगा। भवन बहुमंजिला होगा। इसमें कक्षा कक्ष खुले होंगे। सूर्य का प्रकाश सीधे अंदर जा सकेगा। दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए रैंप बनाए जाएंगे, पार्किंग की सुविधा होगी। छात्र-छात्राओं के लिए अलग शौचालय बनाए जाएंगे। -विष्णु भारद्वाज, एसडीओ, समग्र शिक्षा विभाग, सोनीपत।
 
राजकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं व आधारभूत ढांचा दिया जाएगा। इसके लिए पुरखास, मोहाना व जसराना में नए बहुमंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा। आठ अन्य विद्यालयों में नए कक्षा कक्ष व बाउंड्रीवॉल के साथ ही पुराने कमरों की मरम्मत की जाएगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने 18.30 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। -नवीन गुलिया, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें