गन्नौर। बिजली निगम ने गांव घसौली के एक किसान पर बिजली चोरी करते पकड़े जाने पर तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। किसान बिना बिजली निगम से कनेक्शन लिए अवैध रूप में सप्लाई को खेत में निजी ट्रांसफार्मर से जोड़कर बिजली की चोरी कर सिंचाई कर रहा था। निगम की टीम ने किसान को बिजली चोरी करते रंगे हाथों पकड़ लिया।
गांव घसौली के राजकुमार ने बिजली निगम के अधिकारियों को शिकायत दी थी कि उनके परिवार का राधेश्याम व राहुल खेत के बिजली कनेक्शन को अवैध रूप से दूसरी जगह से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने खेत में खंभे भी लगा रखे हैं। बिना कनेक्शन लिए खेत में ट्यूबवेल चलाकर सिंचाई कर रहे हैं। शिकायत पर टीम मौके पर पहुंची और किसान को बिजली चोरी करते पकड़ लिया।
वहीं एसडीओ बिजली निगम सचिन दहिया का कहना है कि बिजली चोरी करने वाले किसान पर करीब 3 लाख रुपये जुर्माना किया गया है। किसान ने निगम से बिना अनुमति लिए खेत में ट्रांसफार्मर व खंभे लगा रखे हैं। किसान ट्रांसफार्मर से 11 हजार वोल्टेज की सप्लाई को जोड़कर बिजली चोरी कर रहा था। निगम की ओर से किसान के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए विजिलेंस को पत्र लिखा गया है।