गोहाना। महम रोड स्थित बिजली घर के निकट बाइक और साइकिल में भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन व्यक्ति घायल हो गए। राहगीरों ने दो घायलों को नागरिक अस्पताल और एक को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।
आहुलाना गांव निवासी संजय और हर्ष बुलेट बाइक पर शहर से गांव की तरफ जा रहे थे। जब वे महम रोड स्थित बिजली घर के नजदीक पहुंचे तो एक व्यक्ति ने अचानक अपना साइकिल सड़क पार करने के लिए मोड़ दिया। इससे बाइक और साइकिल में भिड़ंत हो गई।
हादसे में बाइक व साइकिल पर सवार तीनों घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। हर्ष को निजी अस्पताल और संजय व साइकिल सवार को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। संजय को नागरिक अस्पताल से मेडिकल कालेज के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।