हरियाणा के सोनीपत में द सोनीपत सहकारी चीनी मिल में मशीन में आग लगने के मामले में तीन कर्मचारियों पर गाज गिरी है। प्रबंध निदेशक डॉ. संजय ने कार्रवाई करते हुए मिल के सुरक्षा अधिकारी, गार्ड इंचार्ज व सुरक्षा गार्ड को निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की उच्चस्तरीय जांच के लिए सहकारी चीनी मिल संघ लिमिटेड (शुगरफेड) को पत्र लिखा है।
कामी रोड स्थित द सोनीपत सहकारी चीनी मिल स्थित फैक्टरी में शॉर्ट सर्किट के चलते मशीन में आग लग गई थी। घटना 21 अक्तूबर को तड़के 3.30 बजे हुई थी। आग की सूचना मिल प्रशासन की ओर से अग्निशमन विभाग को दी गई थी। मौके पर विभाग की दो गाड़ियां पहुंची थी।
करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया था। फिलहाल मिल प्रशासन मशीन में लगी आग के कारणों का पता लगाने में जुटा हुआ है। जहां आग लगी थी वहां काफी समय से बिजली कट है। ऐसे में वहां शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका कैसे हो सकती है।
विभिन्न कारणों को लेकर विभागीय जांच जारी है। वहीं मिल प्रशासन की ओर से शहर थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के लिए शिकायत दे रखी है। मामले की उच्च स्तरीय जांच के लिए प्रबंध निदेशक ने सहकारी चीनी मिल संघ लिमिटेड (शुगरफेड) को पत्र लिखा है।
मिल में मशीन में लगी आग को लेकर सूचित न करने के मामले में तीन कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए शहर थाना पुलिस को पत्र लिखा हुआ है। साथ ही उच्चस्तरीय जांच के लिए शुगरफेड को पत्र लिख दिया गया है। फिलहाल मामले को लेकर जांच कराई जा रही है।
-डॉ. संजय कुमार, प्रबंध निदेशक, द सोनीपत सहकारी चीनी मिल