गांव शाहपुर तुर्क में वीरवार रात संदिग्ध अवस्था में तीन गोवंशों की मौत हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि गोवंशों की मौत लंपी चर्म रोग से हुई है। पशु चिकित्सक का कहना है कि गोवंशों की मौत के बाद गांव में विभाग की टीम ने निरीक्षण किया है। गांव में लंपी वायरस का कोई मामला सामने नहीं आया है।
पंचगामा प्रधान महेंद्र सिंह कटारिया का कहना है कि गांव शाहपुर तुर्क में वीरवार रात ग्रामीण महिपाल, राकेश व पवन के गोवंशों की मौत हो गई। पीड़ितों को उचित मुआवजा देकर उनकी सहायता की जाए। जिससे उनके नुकसान की भरपाई हो सके। साथ ही रोकथाम के प्रयास किए जाएं, ताकि आगे किसी गोवंश की मौत न हो सके। वहीं पशु चिकित्सक डॉ. ऋतु का कहना है कि गांव में जाकर गोवंश की मौत के मामले की जांच की गई। पशुपालकों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली गई है। लंपी वायरस से किसी गोवंश की मौत नहीं हुई है।
वहीं हरियाणा गौ सेवा आयोग के सदस्य राकेश मलिक ने शुक्रवार को लंपी स्किन रोग की रोकथाम के लिए दिल्ली रोड स्थित हुडा मार्केट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पशुपालकों अपने गोवंशों को इधर-उधर खुला न छोड़ें।